राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई, – कार्यालय जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई के सभा कक्ष में आज जिला पंचायत सामान्य प्रशासन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार द्वारा की गई।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रान्त सिंह, कृषि समिति सभापति दिनेश वर्मा, संचार एवं संकर्म समिति सभापति ललित चोपड़ा, सहकारिता एवं उद्योग समिति सभापति जमुना नरेश कुर्रे, स्वास्थ्य, स्वच्छता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं जल संसाधन समिति सभापति अरुण राजू सिंह बनाफर, महिला तथा बाल विकास एवं समाज कल्याण समिति सभापति भुनेश्वरी जीवन देवांगन, वन एवं खनिज समिति सभापति हेमलता मंडावी सहित समस्त सदस्यगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल, उप संचालक पंचायत राज तिवारी, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा योगेश आनंद एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में विभागीय योजनाओं – मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास, स्वच्छ भारत मिशन, 15 वें वित्त आयोग सहित अन्य निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार ने कहा कि बरसात के कारण जो निर्माण कार्य प्रभावित हुए हैं, उनमें अब तेजी लाई जावे। सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में पूर्ण हों। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।
बैठक में सर्वसम्मति से विकास कार्यों को गति देने एवं मैदानी अमले को सक्रिय करने का निर्णय लिया गया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।



