KCGखास खबरछत्तीसगढ़

कलेक्टर-सीईओ को बांधी स्वनिर्मित राखी, स्थानीय उत्पादों ने खींचा ध्यान

आरसेटी बाजार में प्रशिक्षार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 26 अगस्त 2026// भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (SBI RSETI), खैरागढ़ में सामान्य उद्यमिता विकास प्रशिक्षण के अंतर्गत राखी निर्माण का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही प्रशिक्षार्थियों ने अपने हुनर को बाजार से जोड़ते हुए आरसेटी बाजार का आयोजन किया। बाजार में प्रशिक्षार्थियों ने स्वयं तैयार की गई आकर्षक और पारंपरिक राखियों का प्रदर्शन किया। इस पहल का उद्देश्य प्रशिक्षार्थियों को वास्तविक बाजार का अनुभव दिलाने के साथ उनके उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए व्यावहारिक मंच उपलब्ध कराना था।

आरसेटी बाजार में प्रशिक्षार्थियों द्वारा स्थानीय एवं प्राकृतिक सामग्री से तैयार की गई राखियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। धान, चावल, गेहूं, मूंग-गेहूं तथा बांस से तैयार राखियों के माध्यम से प्रशिक्षार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के साथ स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग की मिसाल प्रस्तुत की। साधारण सामग्री को आकर्षक राखियों में बदलकर महिलाओं ने यह संदेश दिया कि हुनर और थोड़ी रचनात्मक सोच के माध्यम से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं।

कलेक्टर और सीईओ को बांधी स्वनिर्मित राखी

राखी बाजार के दौरान प्रशिक्षार्थियों ने जिला कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत को अपने हाथों से तैयार की गई राखियां बांधीं।  दुलेश्वरी जोशी, ग्राम टेकाडीह (जागृति स्व सहायता समूह),  बल्का देहरे, डोकराभाटा तथा प्रशिक्षक राजेश्वरी अग्रवाल ने दोनों अधिकारियों को राखी बांधी।

इस अवसर पर प्रशिक्षार्थियों ने बताया कि आरसेटी में प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने राखी निर्माण का हुनर सीखा है। प्रशिक्षण से प्राप्त कौशल को अब वे त्योहारों एवं अन्य अवसरों पर उत्पाद तैयार कर आय अर्जित करने के साधन के रूप में विकसित करना चाहती हैं। उनका प्रयास है कि छोटे-छोटे स्वरोजगार कार्यों के माध्यम से परिवार की आय में सहयोग देने के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना जा सके।

कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत ने प्रशिक्षार्थियों द्वारा तैयार राखियों और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने महिलाओं को कौशल का निरंतर उपयोग करते हुए स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा अपने उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

प्रशिक्षण से बाजार तक, हुनर को मिला व्यावहारिक मंच

आरसेटी बाजार केवल उत्पादों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रशिक्षार्थियों के लिए वास्तविक बाजार की समझ विकसित करने का व्यावहारिक मंच भी बना। बाजार में उन्हें उत्पादों का प्रदर्शन करने, ग्राहकों से संवाद स्थापित करने, उनकी पसंद समझने और बिक्री की प्रक्रिया का अनुभव प्राप्त हुआ। इससे प्रशिक्षण के दौरान सीखे कौशल को वास्तविक व्यवसायिक गतिविधि से जोड़ने का अवसर मिला।

आरसेटी बाजार का आयोजन अग्रणी जिला प्रबंधक एवं प्रभारी निदेशक  सी.एस. ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आरसेटी फैकल्टी  ओम जी मिश्रा एवं  अभिषेक तिवारी तथा कार्यालय सहायक  संतोष कुमार कार्की का विशेष सहयोग रहा।

आरसेटी द्वारा इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं बाजार आयोजन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को स्थानीय संसाधनों पर आधारित स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रशिक्षार्थियों द्वारा तैयार की गई राखियां कौशल प्रशिक्षण को आत्मनिर्भरता और आय के अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में सामने आईं

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button