KCGखास खबरछत्तीसगढ़

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा उपायों में तेजी लाने के निर्देश

राहवीर योजना के पांच हितग्राहियों को मिला लाभ, आवारा मवेशियों पर कार्रवाई के निर्देश

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 09 सितंबर 2026 : जिला कार्यालय के सभा कक्ष में प्रभारी कलेक्टर एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष  प्रेम कुमार पटेल की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ब्लैक स्पॉट सुधार, दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता तथा यातायात व्यवस्था से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई।

बैठक में फलोदी एवं रंगारेड्डी सड़क दुर्घटनाओं के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को मानक कार्ययोजना के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर लंबित सुधार कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा आवश्यक संकेतक, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक सेफ्टी उपाय सुनिश्चित करने कहा गया।

राहवीर योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक पांच हितग्राहियों को पांच-पांच हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। अधिकारियों को पात्र लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाने और राहवीरों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सड़कों के गड्ढों, खुले जलस्रोतों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। नगर क्षेत्र में आवारा मवेशियों से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए उन्हें पकड़कर कांजी हाउस अथवा गोशाला में रखने तथा पशु मालिकों की पहचान होने पर नियमानुसार जुर्माना एवं कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक मार्गों पर मवेशी छोड़ने की पुनरावृत्ति पर कठोर कार्रवाई और दैनिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा गया।

बैठक में संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए आपसी समन्वय से दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button