राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ :
खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई। संवेदनशील प्रशासन और त्वरित कार्रवाई की मिसाल पेश करते हुए जिला पंचायत ने ग्राम पंचायत भण्डारपुर के दिवंगत पंचायत सचिव नेमीचंद वर्मा के आश्रित परिवार को राहत प्रदान की है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने दिवंगत सचिव की पत्नी निराशा बाई वर्मा को अनुकंपा नियुक्ति का आदेश पत्र सौंपा।
जानकारी के अनुसार, 10 मई 2026 को पंचायत सचिव नेमीचंद वर्मा का आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन से परिवार पर आर्थिक एवं मानसिक संकट गहरा गया था। परिवार की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने मामले में तत्परता दिखाते हुए अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निराशा बाई वर्मा को ग्राम पंचायत सचिव के पद पर नियुक्ति प्रदान की।
नियुक्ति आदेश सौंपते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने कहा कि राज्य शासन की मंशा है कि शासकीय सेवक के आकस्मिक निधन की स्थिति में उनके आश्रितों को शीघ्र राहत और रोजगार उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार को कठिन समय में संबल मिल सके।
इस अवसर पर उपसंचालक पंचायत गीत कुमार सिन्हा, जिला अंकेक्षक मोहित राम ध्रुव, खैरागढ़ सचिव संघ के अध्यक्ष जोगेश्वर धनकर सहित जिले के सचिवगण एवं दिवंगत सचिव के परिजन उपस्थित रहे।
नियुक्ति आदेश प्राप्त होने के बाद निराशा बाई वर्मा भावुक हो गईं। उन्होंने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस नियुक्ति से परिवार को नई उम्मीद और जीवनयापन का सहारा मिला है।
सचिव संघ के अध्यक्ष जोगेश्वर धनकर ने जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे निर्णय संकटग्रस्त परिवारों को आर्थिक सुरक्षा के साथ-साथ मानसिक संबल भी प्रदान करते हैं।


